उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : महाभैरवाष्टमी पर बाबा श्री लाट भैरव की महाआरती, न्यायधीश के दरबार में सजी अष्ट भैरव की भव्य झांकी

Shekhar pandey

वाराणसी। महाभैरवाष्टमी और बाबा श्री कपाल भैरव प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर बुधवार को काशी के न्यायधीश कहे जाने वाले बाबा श्री लाट भैरव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का सागर उमड़ पड़ा। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में दिनभर विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Advertisements

ब्रह्ममुहूर्त में पंचाक्षरी मंत्र जप के साथ बाबा के विग्रह का दशविध स्नान — गोमय, गोदुग्ध, दही, घी, गंगाजल, भस्म, शहद और तीर्थों के पवित्र जल से संपन्न हुआ। तत्पश्चात बाल रूप रजत मुखौटा धारण कराकर बाबा का नवीन वस्त्राभूषण, मुंडमाला एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। प्रथम पूज्य गणेश, हनुमान जी, माता काली, अष्ट भैरव और वाहन स्वान का भी विशेष श्रृंगार किया गया।

कपाल मोचन कुंड पर अष्ट भैरव की आकर्षक झांकी भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शाम को भव्य अन्नकूट श्रृंगार किया गया, जिसमें लड्डू, बर्फी, फल, मेवे, नमकीन सहित विविध व्यंजन पंक्तिबद्ध कर बाबा को समर्पित किए गए। पूरा मंदिर परिसर फूलों, झालरों और दीपों से सुसज्जित था।

मंदिर के चबूतरे पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ चल रहा था, वहीं समीप के रामबाग क्षेत्र में नगर वधुओं ने बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई। “हर हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण परिसर गुंजायमान रहा। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बच्चों में टॉफी, बिस्कुट, पॉपकॉर्न आदि का वितरण हुआ।

देर रात्रि आचार्य रवींद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में पाक्षिक अष्टमी पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात पुजारी नितेश पांडेय ने धूप, दीप, कपूर, लोहबान, पुष्प, चँवर एवं वस्त्रों से बाबा की महाआरती उतारी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, प्रबंध समिति अध्यक्ष रोहित जायसवाल (पार्षद), उपाध्यक्ष बसंत सिंह राठौर, प्रधानमंत्री छोटेलाल जायसवाल, मंत्री मुन्नालाल यादव, कोषाध्यक्ष छोटन केशरी, विक्रम सिंह राठौर, नंदलाल प्रजापति, रवि कुशवाहा, बच्चे लाल, आशीष कुशवाहा, हिमांशु अग्रहरि, आलोक, नवीन, संतोष बिंद, विनोद, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button