Varanasi : पुलिस आयुक्त द्वारा त्यौहारों एवं शुक्रवार की नमाज़ को लेकरपुलिस बल संग किया पैदल रूट मार्च

Shekhar pandey
वाराणसी, निष्पक्ष काशी । पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार,3 अक्टूबर को दालमण्डी से श्री काशी विश्वनाथ धाम होते हुए गोदौलिया तक पैदल रूट मार्च किया गया। यह मार्च दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, भरत मिलाप एवं शुक्रवार की नमाज़ को दृष्टिगत रखते हुए कानून-व्यवस्था व शांति बनाए रखने हेतु आयोजित हुआ। रूट मार्च के दौरान पुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण कर यातायात को सुचारु रखने के निर्देश दिए तथा नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सहयोग एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। त्यौहारों व विशेष आयोजनों के मद्देनज़र वाराणसी पुलिस हाई अलर्ट पर है।

लगभग एक लाख श्रद्धालुओं की भीड़ वाले भरत मिलाप कार्यक्रम हेतु व्यापक पुलिस व्यवस्था, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। शहर भर में सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, क्यूआरटी टीम, रूफटॉप ड्यूटी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध, शुभम कुमार सिंह, संबंधित थाना प्रभारी सहित अधिकारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।



