Varanasi : विभीषण का राजतिलक और भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन

Shekhar Pandey
वाराणसी। काशी की पावन धरती पर श्री काशी विश्वनाथ दरबार में श्री रामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ समिति द्वारा चल रहे नव दिवसीय रामायण महायज्ञ के अंतर्गत मंगलवार को विभीषण राजतिलक एवं भरत मिलाप का भव्य आयोजन हुआ।
दिन के प्रसंग में श्री राम द्वारा कुंभकर्ण, मेघनाथ सहित अनेक राक्षसों का वध तथा रावण संहार का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात विभीषण का राजतिलक, मां सीता की अग्निपरीक्षा तथा देवताओं एवं भगवान शिव द्वारा श्रीराम की स्तुति का भावपूर्ण मंचन हुआ। तत्पश्चात श्रीराम के पुष्पक विमान से अयोध्या प्रस्थान एवं भरत मिलाप का भावनापूर्ण दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित भक्तों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, गीता प्रेस के संपादक कृष्ण कुमार खेमका, योगीराज विजय कुमार मिश्रा, विनोद कुमार लोहिया, अशोक सराफ, रघु देव अग्रवाल, संजय पहलादका, अनूप अग्रवाल और मनीष गिनोडिया ने संयुक्त रूप से राम दरबार की पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न की।
सायंकालीन सत्र में विजय कृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में गुरुदेव द्वारा प्रेरक प्रवचन हुआ। संस्था के प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि बुधवार को रामचरितमानस पाठ का अंतिम दिवस होगा, जिसमें श्री राम के राज्याभिषेक का शुभ प्रसंग संपन्न किया जाएगा।



