उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों को दी प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की ट्रेनिंग

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को आरटीसी/पुलिस लाइन वाराणसी में प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों के लिए विशेष प्रशिक्षण क्लास ली। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन, ताज होटल एवं रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जैसे संवेदनशील व प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त ने महिला प्रशिक्षुओं को सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अनुशासन एवं त्वरित प्रतिक्रिया की महत्ता समझाई। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में सजग दृष्टि और जिम्मेदार व्यवहार अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) एवं डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) के माध्यम से प्रभावी जांच प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही बम डिटेक्शन एवं डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की कार्यप्रणाली, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान एवं आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के बारे में अवगत कराया।

उन्होंने परिमीटर इंट्रूजन डिटेक्शन सिस्टम (PIDS), टायर किलर प्रणाली एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इन आधुनिक तकनीकों से घुसपैठ और संभावित खतरों को समय रहते रोका जा सकता है। इसके अतिरिक्त डॉग स्क्वॉड की भूमिका, फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस की तैनाती को भी सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा बताया।

प्रशिक्षु महिला आरक्षियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन, समयपालन एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

सीसीटीवी निगरानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पुलिस आयुक्त ने ड्रोन कैमरे, बुलेट कैमरे, नाइट विजन एवं थर्मल कैमरों की उपयोगिता समझाई और कहा कि इनसे 24 घंटे प्रभावी निगरानी संभव होती है।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डॉ. ईशान सोनी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button