Varanasi अपराध शाखा अब सीबीआई की तर्ज पर करेगी कार्य : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल

Shekhar Pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने बुधवार को अपराध शाखा एवं एएचटी थाना के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध शाखा अब सीबीआई की तर्ज पर कार्य करेगी और यह केवल पुराने मामलों की फाइलों का डंपिंग यार्ड न रहकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना का प्रमुख केंद्र बनेगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि विवेचना का दायित्व केवल उन्हीं विवेचकों को सौंपा जाएगा, जिन्हें तकनीक एवं कानून की गहरी समझ हो, ताकि पीड़ित को न्याय की अनुभूति हो और अभियुक्तों में कानून का भय बना रहे। उन्होंने कहा कि अपराध शाखा में विवेचना के स्थानांतरण से यह संदेश जाना चाहिए कि अब मामले का निष्पक्ष और गहन परीक्षण होगा।

समीक्षा बैठक के दौरान थाना एएचटी द्वारा विगत तीन वर्षों से लापता छह बालिकाओं की सफल बरामदगी पर पुलिस आयुक्त ने टीम की सराहना करते हुए प्रशंसा व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध शाखा द्वारा वर्ष 2025 में कुल 49 मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया, जबकि जनवरी 2026 माह में छह विवेचनाओं का सफल निस्तारण किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त अपराध को प्रतिदिन समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने मानव तस्करी तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने तथा डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया।



