MP News: दमोह में मुकाबला त्रिकोणीय भाजपा कांग्रेस के बीच किन्नर भी चुनाव मैदान

दमोह । लोकसभा सीट का चुनाव अब दिलचस्प होने वाला है । यहां भाजपा और कांग्रेस में मुकाबला के दौरान किन्नर भी भाग्य आजमा रही हैं। बुधवार को दमोह कलेक्टर कार्यालय पहुंची किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर दुर्गा मौसी किन्नर ने कहा कि यहां के लोगों की मंशा है कि वह चुनाव लड़े। इस वजह से वह अपना नामांकन फार्म लेने आई हैं। गुरुवार को वह अपना नामांकन दाखिल करेंगी। वर्तमान में वह कटनी जिले से जनपद सदस्य हैं। उन पर आज तक कोई भ्रष्टाचार का आरोप भी नहीं लगा है। इस वजह से दमोह से चुनाव लड़कर वह लोगों की सेवा करना चाहती हैं।दमोह लोकसभा सीट से भाजपा के राहुल सिंह और कांग्रेस के तरवर सिंह प्रत्याशी हैं। अब कटनी जिले की जनपद सदस्य दुर्गा मौसी भी यहां से भाग्य आजमाने पहुंची हैं। उन्हें उम्मीद है कि दमोह की जनता उन पर भरोसा जताएगी। इन्हें किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर की उपाधि भी मिली हैं। पूर्व में सात साल तक सरपंच भी रही हैं और कहा जाता है कि यह देश की पहली किन्नर सरपंच हैं।कटनी जिले की रहने वाली दुर्गा मझवार उर्फ दुर्गा मौसी मुड़वारा तहसील के कनवारा गांव से सरपंच चुनी गई थी और कई प्रत्याशी उनके सामने चुनाव मैदान में थे। लोगों ने दुर्गा को सरपंच पद के लिए चुना था। इस गांव में विकास कार्य न होने से जनता को सुविधाएं नहीं मिल पा रही थी। उन्होंने दुर्गा किन्नर को सरपंच पद पर विजयी बनाया था। सरपंची कार्यकाल खत्म होने के बाद दुर्गा ने मुड़वारा के क्षेत्र क्रमांक 11 चाका से जनपद सदस्य का चुनाव जीता था। वर्तमान में वह इस पद पर हैं। अब लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमा रही हैं।किन्नर समाज से 2009 में कमला बुआ सागर की महापौर रह चुकी हैं। सागर जिले के लोगों ने दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को नकारते हुए कमला बुआ पर भरोसा जताया था। इससे पहले कटनी में कमला मौसी महापौर बन चुकी हैं। दुर्गा मौसी कमला मौसी को अपना राजनीतिक गुरू मानती हैं। सागर में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में 2009 में महापौर के पद पर किन्नर कमला बुआ चुनाव जीती थी। दो साल बाद न्यायालय के निर्देश पर उनका निर्वाचन शून्य हो गया था।दमोह लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए बुधवार को दुर्गा मौसी नामांकन फार्म खरीदने कलेक्टर कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने मीडिया को बताया कि मुझे दमोह के लोगों की सेवा करनी है। उन्हें सड़क, बिजली, पानी की सुविधा दिलानी है। युवाओं को रोजगार दिलाना है। दमोह के लोगों की मंशा है कि वह चुनाव लड़ें इसलिए नामांकन फार्म लिया है।