Varanasi : श्रीरामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ में हुआ श्रीराम जी का भव्य राज्याभिषेक

Shekhar Pandey
वाराणसी। श्रीरामचरितमानस नवाह पाठ महायज्ञ समिति द्वारा आयोजित नव दिवसीय रामायण महायज्ञ के तहत काशी की पावन धरती पर श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का भव्य प्रस्तुतिकरण किया गया। आज अयोध्या में हुए श्रीराम जी के राज्याभिषेक के अवसर पर मंदिर परिसर को स्वदेशी फूलों, पत्तियों और फलों से सजाया गया। राम दरबार को छप्पन भोग और सवामनी का प्रसाद अर्पित किया गया, जिसके बाद भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ।
समाजसेवी वीरेंद्र जायसवाल सपत्नीक, समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, विजय कुमार मिश्रा, कृष्ण कुमार खेमका, अशोक सराफ, रघुदेव अग्रवाल, संजय पह्लादका, अनूप अग्रवाल और मनीष गिनोडिया ने संयुक्त रूप से राम दरबार की पूजा-अर्चना एवं पोथी की पूजा की।
व्यास श्रीराम कपूरिया जी के निर्देशन में 111 भू-देवों द्वारा सामूहिक रामचरितमानस पाठ संपन्न हुआ। भक्तों ने ब्राह्मणों को फल और दक्षिणा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सायंकाल विजय कृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में गुरुदेव द्वारा प्रवचन आयोजित किया गया।
संस्था के प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि महायज्ञ के अंतिम दिन, 6 नवंबर 2026 को, प्रातः 9:30 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर के द्वार संख्या 4 से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।



