Varanasi : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Shekhar pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर नवीनीकरण कार्यों की प्रगति एवं विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा कार्यस्थल की कार्यकुशलता का अवलोकन किया और स्वच्छ व अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस कर्मियों के 24 घंटे कर्तव्य निर्वहन को ध्यान में रखते हुए मेडिकल, टीए/डीए, वेतनवृद्धि, पदोन्नति, पेंशन एवं मृतक आश्रित नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध उत्तरदायित्व तय करते हुए कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पुलिस कर्मियों एवं पेंशनरों को टीए भुगतान, मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति अथवा अन्य देयकों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दैनिक साफ-सफाई, समुचित कचरा निस्तारण एवं कार्यालय परिसर में प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी के माध्यम से अनुशासनहीनता अथवा गंदगी फैलाने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु नियमित पत्राचार कर अद्यतन स्थिति प्राप्त करने एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्री प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री अपूर्व पाण्डेय सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।



