वाराणसी में सता रही है बर्फीली हवाएं , सार्वजनिक स्थानों पर हो रही है अलाव की तलाश

वाराणसी । बर्फीली हवाओं के बीच ठंड से बचने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की तलाश हो रही है। ठंडी हवाओं का सितम जारी है। बुधवार को कोहरा तो गायब दिखा लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक धूप नहीं खिली थी। मंगलवार की रात कोहरा गिरने की संभावना जताई गई थी लेकिन झीसी (फुहार) के चलते कोहरा गायब हो गया। मौसम विभाग के अनुसार रात न्यूनतम तापमान 08 डिग्री तक गिर सकता है। आज भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सूर्य के दर्शन भी मुश्किल है। नगर निगम के दावे के इतर अलाव की व्यवस्था को लेकर लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही। सपा प्रदर्शन कर चुकी, पार्षद भी अपने अपने इलाकों में अलाव के लिए लगातार नगर निगम के अधिकारियों से बात कर रहे लेकिन आश्वासन और कागजी अलाव के अलावा कुछ हाथ नहीं लग रहा। कोहरा नहीं होने के चलते लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाले विमान समय से लैंड कर गए। नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत मंगलवार को भी दस घंटे देरी से वाराणसी जंक्शन पहुंची। न्यू दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी, ओखा गोवाहटी द्वारिका एक्सप्रेस, जोधपुर वाराणसी सिटी, हावड़ा प्रयागराज विभूति एक्सप्रेस, बालूरघाट भटिंडा फरक्का एक्सप्रेस, जम्मूतवी वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें एक से चार घंटे तक देरी से चल रही। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के लेटलतीफी के चलते यात्री खुले आसमान के नीचे ठंड में समय गुजारने को मजबूर हो रहे हैं।



