
सीतामढ़ी । सुरसंड और बाजपट्टी थाना क्षेत्र में डकैतों द्वार की गई लूटपाट के बाद अब डकैती की ताजा वारदात जिले के सहियारा थाना क्षेत्र के सिंगरहिया गांव में पूर्व पंचायत समिति सदस्य के घर डकैतों ने धावा बोला और लूटपाट की। डकैतों ने परिजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की। इतना ही नहीं, लूट का विरोध करने पर डकैतों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य अभय रंजन सिंह उर्फ बुलेट सिंह को गोली मारकर जख्मी कर दिया। गृहस्वामी ने बताया कि लगभग 50 लाख के गहने और 25 हजार नकद की लूटपाट हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना रात के पौने तीन बजे की बताई गई है। इसके पूर्व भी बीते 26 मई को सिंगरहिया गांव में ही दो घरों में डकैती हुई थी, जिसमें लगभग 15 की संख्या में आए हथियारबंद नकाबपोश डकैतों ने सिंगरहिया गांव के खुशनगरी टोला वार्ड नं 4 निवासी डॉ राजदेव प्रसाद सिंह और डॉ विश्वनाथ प्रसाद सिंह के घर में डाका डाला था।
डॉक्टर दंपति को बंधक बनाकर लाखों रूपये के गहने और नकदी लूट लिए गए थे। मामले का उद्भेदन करने में पुलिस प्रशासन नाकामयाब रही है। स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि बिमलेश सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि सहियारा पुलिस चौकस नहीं है। वहीं, पूर्व पंचायत समिति बुलेट सिंह ने बताया कि सिंगरहिया गांव में ग्रामीण पुलिस चौकसी नहीं बरतते हैं।