Varanasi : पुलिस कार्यालय के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कार्यों का पुलिस आयुक्त ने किया उद्घाटन

Shekhar Pandey
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने सोमवार को पुलिस कार्यालय के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए सकारात्मक, सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि हो सके।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कमिश्नरेट वाराणसी में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नवनिर्माण, पुराने भवनों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत समस्त कार्यालयों एवं इकाइयों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

पुलिस लाइन परिसर में पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, उपलब्धियों एवं ऐतिहासिक कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए पुलिस म्यूजियम की स्थापना की गई है। वहीं पुलिसकर्मियों के परिवारों एवं बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया गया है, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध हो सके। पुलिस बल की शारीरिक क्षमता और फिटनेस को सुदृढ़ करने हेतु आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित जिमनेजियम का निर्माण भी कराया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त थाना कोतवाली एवं थाना चौक सहित विभिन्न थानों का नवनिर्माण, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर उन्हें अधिक व्यवस्थित बनाया जा रहा है। पुलिस कार्यालय की गैलरी को आकर्षक फोटो गैलरी के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें पुलिस की प्रमुख उपलब्धियों एवं उल्लेखनीय अभियानों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
पुलिस कार्यालय में मल्टी-स्टोरी वार्डरो का निर्माण कर 9000 से अधिक पुलिसकर्मियों की चरित्र पंजिकाओं को क्रमबद्ध एवं सुरक्षित रूप से संरक्षित किया गया है, जिससे अभिलेखों की खोज प्रक्रिया सरल, समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित हो गई है।
उद्घाटन के उपरांत पुलिस आयुक्त ने विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर स्वच्छता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) श्री प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।



