फेरी-पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ का होली मिलन समारोह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने की सहभागिता

Shekhar Pandey
वाराणसी। होली के पावन अवसर पर राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ द्वारा कबीर नगर स्थित पार्क संख्या–3, दुर्गाकुंड में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फेरी, पटरी और ठेला व्यवसायियों के साथ शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली का पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि फेरी, पटरी और ठेला व्यवसायी शहर की जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और लाखों परिवारों की आजीविका इसी पर निर्भर करती है। ऐसे में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि इन छोटे व्यापारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में व्यवसाय करने का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और संगठन के माध्यम से अपनी आवाज को मजबूत बनाना चाहिए। साथ ही शहर में वेंडिंग जोन और अन्य सुविधाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात भी कही।

समारोह के दौरान पारंपरिक होली गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और फूलों की होली खेली।
इस अवसर पर महासंघ के संस्थापक स्व. जवाहर लाल की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने किया। अंत में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पार्षद अक्षवर सिंह, पार्षद मदन मोहन दुबे, पार्षद प्रवीण राय, पार्षद मदन मोहन तिवारी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. गौरव प्रकाश, अजय सिंह बॉबी, वाचस्पति मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, प्रकाश कुमार श्रीवास्तव, अधिवक्ता शशांक श्रीवास्तव, प्रमोद अग्रहरी सहित सैकड़ों पदाधिकारी और स्ट्रीट वेंडर्स मौजूद रहे।



