सनबीम शिक्षण समूह के ‘प्रोत्साहन-2026’ में 350 छात्र-छात्राएँ सम्मानित

Shekhar Pandey
वाराणसी, 11 अप्रैल 2026। सनबीम शिक्षण समूह द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘प्रोत्साहन-2026’ का भव्य आयोजन सनबीम वरुणा परिसर में किया गया। कार्यक्रम में समूह की विभिन्न शाखाओं के लगभग 350 छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. विक्रम सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्ष श्रीमती भारती मधोक, निदेशिका श्रीमती अमृता बर्मन सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों—सनबीम अन्नपूर्णा, भगवानपुर, इंदिरा नगर, लहरतारा, सारनाथ, सनसिटी, वरुणा, इंटरनेशनल वरुणा, कॉलेज फॉर वीमेन एवं ग्रामीण स्कूल करसड़ा—के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति, ऑलराउंडर, कलर्स एवं अन्य श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। ‘सुरप्रवाह ऑर्केस्ट्रा’ के अंतर्गत संगीत प्रस्तुतियों के साथ-साथ इंदिरानगर और वीमेन्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
निदेशिका अमृता बर्मन ने छात्रों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए उन्हें निरंतर प्रयास और अनुशासन का महत्व बताया। वहीं अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक एवं उपाध्यक्ष भारती मधोक ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि डॉ. विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का पालन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को शिक्षकों का सम्मान करने और जीवन में अनुशासन अपनाने की प्रेरणा दी।
समारोह के अंत में सहायक निदेशिका प्रतिमा गुप्ता एवं सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने भी छात्रों को पुरस्कृत कर उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।











