उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : दालमंडी चौड़ीकरण: बुलडोजर कार्रवाई शुरू, भारी सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण जारी

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत सोमवार को ध्वस्तीकरण अभियान ने नया मोड़ ले लिया, जब भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर दालमंडी क्षेत्र में दाखिल हुआ। चौक की ओर से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, जबकि मजदूरों द्वारा हथौड़ों से भी तोड़फोड़ जारी रही। सुबह बुलडोजर चौक थाने की तरफ से दालमंडी में प्रवेश किया। गलियों में बैरिकेडिंग कर दी गई और पुलिस, प्रशासन तथा पीडब्ल्यूडी की टीम की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई।

जैसे ही बुलडोजर दुकानों के पास पहुंचा, कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए अपने मकानों के सामने खड़े होकर आपत्ति जताई। दुकानदार अदनान खान ने कहा कि प्रशासन जो बातें दो महीने पहले कह रहा था, वही आज भी दोहराई जा रही हैं। उनका कहना था कि उनके मकान का नक्शा पास न होने और मानकों के विरुद्ध होने की बात कही जा रही है, जबकि उनका दावा है कि मकान नियमों के अनुसार बनाया गया है।

अधिकारियों के समझाने पर अंततः दुकानदार कार्रवाई के लिए तैयार हुआ और कहा कि “यह मकान मैंने बनाया है और मैं ही इसे तोड़ूंगा।” इसके बाद वह विभागीय कर्मचारियों के साथ तीसरे तल पर पहुंचा और खुद हथौड़ा चलाकर ध्वस्तीकरण की शुरुआत की। दोपहर बाद नई सड़क की ओर, लंगड़ा हाफिज मस्जिद के सामने मुख्तार खान के भवन पर भी कार्रवाई शुरू हुई। पहले मजदूरों ने ऊपरी हिस्से को हथौड़ों से तोड़ा, फिर बुलडोजर से प्रथम तल को ध्वस्त किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी लगातार लोगों को दूर रहने की चेतावनी देते रहे और राहगीरों व मीडियाकर्मियों को मकान के आसपास से हटा दिया गया। दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत यह कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button