Varanasi : निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि: मंडलायुक्त एस. राजलिंगम

Shekhar Pandey
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंडल स्तर पर पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागवार प्रगति आख्या प्रस्तुत की।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में पर्यटन, सिंचाई, जल निगम, आवास विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों की प्रमुख परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने वित्तीय एवं भौतिक प्रगति के बीच संतुलन बनाए रखने तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन एवं कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडलायुक्त ने एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की अवरुद्ध एवं बाधित परियोजनाओं की भी जिलेवार समीक्षा की। लगातार विलंब पर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में कार्रवाई की बात कही।
बैठक में एडी हेल्थ, जेडी पर्यटन, जेडी माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



