उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में राज्य स्तरीय महिला युवा संसद का आयोजन, ‘नारी शक्ति विकसित भारत की आवाज’ विषय पर हुई चर्चा

Shekhar Pandey

Advertisements

लखनऊ। मेरा युवा भारत, उत्तर प्रदेश तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में दो दिवसीय विकसित भारत बजट प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय महिला युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “नारी शक्ति विकसित भारत की आवाज” रहा, जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा डॉ. बबीता सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलन कर किया। वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय निदेशक अनिल कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि देश की सशक्त नींव युवा पीढ़ी है। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं निरंतर सशक्त हो रही हैं। उन्होंने युवाओं से महिला-पुरुष समानता को अपनाने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

द्वितीय सत्र में महिला सशक्तिकरण पर जोर

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ सत्र का शुभारंभ किया गया।

बेबी रानी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवतियों को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वे परिवार और समाज की मजबूत आधारशिला हैं, जिनका योगदान अक्सर अनदेखा रह जाता है।

इसके बाद नारी शक्ति महिला युवा संसद के अंतर्गत प्रतिभागियों ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। समापन समारोह में राजेश्वर सिंह द्वारा प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन कीर्ति शुक्ला ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक विकास सिंह, जागृति पांडेय, आकर्ष दीक्षित, माहे आलम, अनुपम कुमार, सोनिका चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 1200 से अधिक युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

अंत में राज्य निदेशक गोपेश पांडेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button