उत्तर प्रदेशवाराणसी

3.54 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी, 13 मार्च। रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.54 करोड़ रुपये मूल्य का विदेशी सोना बरामद किया है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

शुक्रवार तड़के वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर ट्रेन संख्या 20503 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस के पहुंचने के दौरान चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध युवकों को निकास द्वार के पास रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 19 सोने के बार/बिस्कुट बरामद हुए।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र निवासी बालासो पुत्र अशोक जाधव (36 वर्ष) और तेजस बाला साहेब पंवार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सोने के बिस्कुट पैंट की फेंट में छिपा रखे थे। बरामद सोने का कुल वजन 2215 ग्राम (करीब 2.215 किलोग्राम) पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोना विदेशी मूल का है और इसे तस्करी कर बांग्लादेश से लाया गया था। वे इसे कूचबिहार से दिल्ली ले जा रहे थे।

बरामद सोने को आगे की कार्रवाई के लिए राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की क्षेत्रीय इकाई सिगरा को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई में जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों व जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button