फूलों की वर्षा और फाग गीतों से रंगा अग्रवाल समाज का होली मिलन समारोह

Shekhar Pandey
वाराणसी। अग्रवाल समाज के समाज सेवा विभाग के अंतर्गत अग्रसेन महिला समिति द्वारा रविवार को सिगरा स्थित मैरिज पॉइंट लॉन में पारिवारिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्रबन्धुओं ने श्वेत परिधान में एक-दूसरे को गुलाल लगाकर, फूलों की वर्षा करते हुए प्रेम, उल्लास और भाईचारे के साथ होली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान गुलाब की पंखुड़ियों से होली नृत्य प्रस्तुत किया गया। दिनेश भारती द्वारा लिखित और सुमन पाठक के निर्देशन में प्रस्तुत हास्य नाटक “जहाँ जाइएगा हमें पाइएगा” ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया और लोगों ने ठहाकों के साथ इसका आनंद लिया। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को और भी रंगीन बना दिया। गुलाबी साड़ी में सुसज्जित अग्रसेन महिला समिति की सदस्याओं—स्वयंप्रभा अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, ममता अग्रवाल, मेनका अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, अमिता अग्रवाल और उर्मिला अग्रवाल—ने फाग गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल, रंजना अग्रवाल तथा प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल ने महाराज श्री अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

समारोह में स्वागत भाषण अध्यक्ष शशिबाला शाह ने दिया, जबकि संचालन अर्चना अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम का संयोजन मालिनी चौधरी और रीता प्रकाश ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन बृजकमल दास अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उपसभापति दीपक अग्रवाल, आरसी जैन, मंत्री समाज राजकिशोर चंद्र अग्रवाल, दीपक अग्रवाल (किसान माचिस), प्रद्युम्न अग्रवाल, अजय कृष्ण अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, मनीष गुप्ता, अतुल गोयल, दिव्य विभव बंसल, भूपेंद्र अग्रवाल, विनय अग्रवाल, अमरचंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अग्रबन्धु उपस्थित रहे।



