
पंजाब । मौसम विभाग के अनुसार अगले 20 जून तक गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। शुक्रवार को कई जिलों में पूरे दिन लू चलती रही। रात को भी बहुत गर्मी लगती है।पश्चिमी हवाओं ने मानसून का रास्ता रोक लिया है। दो सप्ताह पहले आए ‘रेमल’ चक्रवात से मानसून को जो गति मिली थी, वह अब लगभग थम गई है। हालांकि, अगले चार-पांच दिनों में मानसून फिर गति पकड़ सकता है। वहीं पंजाब में 20 जून तक लोगों को लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया।
भारत में जून से सितंबर के बीच मानसून की दो शाखाएं सक्रिय रहती हैं। एक शाखा बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आती है और दूसरी अरब सागर की ओर से प्रवेश करती है। बंगाल की खाड़ी वाली शाखा अभी बेहद कमजोर है, किंतु पश्चिमी शाखा सक्रिय है। इससे गुजरात, राजस्थान व दक्षिणी राज्यों में अच्छी मानसूनी वर्षा हो रही है।
पूर्वी शाखा सबसे ज्यादा क्षेत्र को प्रभावित करती है।आइएमडी के अनुसार देश में अभी तक नौ प्रतिशत कम वर्षा हुई है। दक्षिणी राज्यों में औसत से 50 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। आइएमडी ने पंजाब, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार-पांच दिनों तक लू की स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है।