
हरियाणा । भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो गया है। लू चलने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। रात को भी गर्म हवा चलने लगी है। मौसम विभाग ने बता दिया है कि मानसून कब तक आएगा। लेकिन इस बीच लू को लेकर कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून आने के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। शुक्रवार को सिरसा की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। वहां का तापमान 34 डिग्री पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिन तक ऊष्ण लहर चलेगी।
मौसम विभाग ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, हिसार में शनिवार को ओरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम विभाग ने चरखी दादरी, भिवानी, जींद, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, यमुनानगर, पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया है।आइएमडी ने हरियाणा, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक लू की स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है।
कहा गया है कि पश्चिमी हवाओं के जारी रहने तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश को प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इन राज्यों के कुछ हिस्सों में 18 जून तक लू की स्थिति रह सकती है।अनुमान के मुताबिक, मानसून के दिल्ली पहुंचने में अभी दो हफ्ते से ज्यादा का समय लग सकता है। इसके बाद हरियाणा एवं पश्चिमी यूपी में मानसून की दस्तक होगी। मौसम विभाग ने बताया कि 10 जून के बाद मानसून आगे नहीं बढ़ा है। जहां था, वहीं स्थिर है।