Varanasi : राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक, स्ट्रीट वेंडर्स के अधिकारों हेतु राष्ट्रीय एक्शन प्लान का संकल्प

Shekhar pandey
वाराणसी। होटल प्रताप पैलेस में राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। भारत के विभिन्न राज्यों से आए स्ट्रीट वेंडर्स के पदाधिकारीगण ने बैठक कर फेरी पटरी ठेला के समक्ष प्रतिदिन उत्पन्न हो रही चुनौतियों एवं समाधान पे विस्तार पूर्वक चर्चा की। बैठक के दौरान स्ट्रीट वेंडर्स के सामने आ रही प्रमुख समस्याओं जैसे अतिक्रमण के नाम पर की जाने वाली मनमानी कार्रवाई, मनमाने जुर्माने वसूली, स्थानांतरण की समस्याएं, लाइसेंस व वेंडिंग सर्टिफिकेट प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयाँ और नगर निकायों के साथ समन्वय की कमी जैसी गंभीर समस्याओं के निराकरण के लिये रणनीति बनाई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि “पथ विक्रेता जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन अधिनियम, 2014” में वर्णित स्ट्रीट वेंडर्स के सभी अधिकारों और प्रावधानों की व्यापक जागरूकता पूरे देश में फैलाई जाएगी।
इसके लिए राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन द्वारा जागरूकता अभियान, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और राज्य एवं जिला स्तर पे बैठकों/ सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा ताकि प्रत्येक स्ट्रीट वेंडर को अपने अधिकारों की पूर्ण जानकारी हो और वे अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़ सकें। बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन नगर निकायों और राज्य सरकारों के साथ संवाद स्थापित कर फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों के लिए स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाएगा, इसके साथ ही संगठन द्वारा एक राष्ट्रीय एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा, जिसके तहत स्ट्रीट वेंडर्स की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। बैठक के अंत में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक स्ट्रीट वेंडर्स को उनका संवैधानिक और कानूनी अधिकार पूरी तरह प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा।
सभी स्ट्रीट वेंडर्स से एकजुट होकर संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। बैठक संगठन के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हुई और यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में देशभर के फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों की आवाज़ और मजबूत होकर गूंजेगी। बैठक में प्रमुख रूप से अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा, महासचिव अभिषेक निगम, अधिवक्ता शशांक श्रीवास्तव, महेश्वर बल उड़ीसा, अक्षिता सोलंकी गुजरात, जिगर दवे अहमदाबाद, सतीश गौड़ा तेलंगाना, सुजाता साहू गुजरात समेत अन्य राज्यो के पदाधिकारीगण भी शामिल थे।



