गाज़ीपुर-नोनहरा के सिया राम को न्याय मिलने तक संघर्ष रहेगा जारी : केसरिया भारत_

Shekhar pandey
वाराणसी, निष्पक्ष काशी । गाज़ीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में विगत 9 सितम्बर की रात हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस प्रकरण के आक्रोश में वाराणसी में केसरिया भारत के द्वारा सभा, विरोध प्रदर्शन व मुख्यमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया । वक्ताओं में संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक कृष्णा नन्द पाण्डेय ने इस घटना को लोकतंत्र की हत्या बताया,निहत्थे ग्रामीणों पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने अंधाधुंध लाठियां बरसाईं, लाइट बंद कर अंधेरे में लोगों को बुरी तरह पीटा गया और निर्दोष दिव्यांग युवक की जान ले ली गई। यह मात्र एक घटना नहीं सुनियोजित साजिश है। यह महज लाठीचार्ज नहीं बल्कि सीधे-सीधे हत्या है।
पूरे देश में बहुत बड़ा जन आक्रोश है कि पुलिस वर्दी की आड़ में गुंडागर्दी कर रही है और निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार रही है। घटना के बाद से गाज़ीपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव का माहौल है। लोग खुलेआम कह रहे हैं कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जनता का भरोसा सरकार से उठ जाएगा। इस मामले पर केसरिया भारत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि तुरंत सी.बी.जाँच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जाए। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश की जनता सड़कों पर उतरकर न्याय की लड़ाई लड़ेगी।
केसरिया भारत के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने चेताया है कि अगर इस घटना को हल्के में लिया गया तो जनता का गुस्सा बेकाबू हो जाएगा और सरकार को भारी खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।
अविनाश मिश्र ने कहा कि गाज़ीपुर में हुई यह घटना केवल एक युवक की मौत नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास की हत्या है। आज जनता मुख्यमंत्री की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। सवाल यह है कि क्या सरकार वाकई न्याय दिलाएगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।अब जनता चुप नहीं बैठेगी और इस बार लड़ाई निर्णायक होगी। विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से आनंद मिश्र, कपिल पाण्डेय, मधुसूदन केसरी,सोनू गोंड, रामवली पटेल, महेंद्र पाण्डेय,राकेश तिवारी, अशोक पाण्डेय, अनिल मिश्रा सत्यम जायसवाल,सुनील पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन “धरोहर संरक्षण सेवा संगठन “ के प्रदेश संयोजक गौरव मिश्र ने किया ।



