Varanasi : दिल्ली विस्फोट के बाद वाराणसी में सुरक्षा कड़ी, पुलिस आयुक्त ने कैण्ट स्टेशन पर किया निरीक्षण

Shekhar pandey
वाराणसी। आज दिनांक 10.11.2025 को पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा दिल्ली में हुए विस्फोट की घटना के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कैण्ट रेलवे स्टेशन पर पैदल भ्रमण कर कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं सक्रियता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन चेकिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लावारिस वस्तुओं जैसे बैग या वाहन की जांच के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। डॉग स्क्वायड एवं बम निरोधक दस्ते (BDS) को लगातार भ्रमणशील रहकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, धार्मिक स्थलों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा निगरानी बढ़ाने पर बल दिया गया। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि वाराणसी पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री सरवणन टी. सहित सम्बन्धित सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, डॉग स्क्वायड, बीडीएस टीम एवं अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।



