Varanasi : स्वर्गीय साधो पहलवान की स्मृति में आयोजित कुश्ती एवं दंगल प्रतियोगिता में उमड़ी भीड़, पहलवानो ने दिखाया दमखम

Shekhar pandey
वाराणसी, निष्पक्ष काशी । वाराणसी कुश्ती संघ (भा.प.) के द्वारा हिन्द केशरी स्वर्गीय साधो पहलवान की स्मृति में रविवार को शिवपुर थाना क्षेत्र के तरना स्थित चमाव गाँव के अहिरान बस्ती में साधो पहलवान व्यायामशाला (अखाड़े) में विराट कुश्ती दंगल एवं वाराणसी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। इसमें काफ़ी देर तक पहलवानों का दमखम देखने के बाद निर्णायक टीम के वेद प्रकाश यादव (साईं ), राजेश शर्मा और राजेश यादव ने पहलवान शिवाजीत यादव को वाराणसी कुमार का पहला ख़िताब दिया जो नचनियापीर अखाड़ा से ताल्लुक रखते हैं, जबकि दूसरा स्थान चंदन यादव, सेठ गया अखाड़ा व तृतीय स्थान अंशु यादव अखाड़ा गया सेठ व बजरंगी यादव महनाग को तीसरा स्थान मिला।
खास बात यह रहीं की प्रथम विजेता को प्रतिमाह एक वर्ष तक 1001 रुपया वाराणसी कुश्ती संघ (भा. प.) के कोषाध्यक्ष मल्लू पहलवान भोजुबीर के द्वारा प्रदान किया जाएगा। विराट कुश्ती, दंगल एवं वाराणसी कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजक बनवारी पहलवान ( राष्ट्रीय पहलवान, स्वर्ण पदक विजेता, पूर्व भारतीय नौसेना अखाड़ा उस्ताद ), रामजीत पहलवान (अंतर्राष्ट्रीय पहलवान, पूर्व भारतीय नौसेना ) आनन्द पहलवान एवं मल्लू पहलवान ने सभी सम्मानित अतिथियों एवं पहलवालों का स्वागत किया। बड़े से पंडाल में बने अखाड़े में घंटो चली कुश्ती और दंगल काफ़ी दिलचस्प रहा जिसे देखने के लिए दूर दूर से पहलवान और कुश्ती खेल प्रेमी आये थे। प्रथम पुरस्कार प्राप्त और “वाराणसी कुमार” का खिताब पाने वाले नचनियावीर अखाड़े के पहलवान शिवाजीत यादव को 15 हजार रुपया नकद, गदा, मेडल, पट्ठा, प्रमाण पत्र और ढेरों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।



