उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने के लिए पुलिस की बैठक, तय स्थान-समय पर ही होगा होलिका दहन

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को चेतगंज क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी ने की, जिसमें चेतगंज, सिगरा और जैतपुरा थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले होलिका दहन एवं होली आयोजनों से जुड़े पदाधिकारियों और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी डॉ. सोनी ने निर्देश दिया कि होलिका दहन केवल परंपरागत एवं पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही तय समय के अनुसार किया जाए। किसी भी परिस्थिति में स्थान परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि त्योहार बिना किसी व्यवधान और आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाए।

ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए डीजे और लाउडस्पीकर की आवाज शासन द्वारा निर्धारित मानकों के भीतर रखने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों और मरीजों को असुविधा न हो। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री को लेकर भी आयोजकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई। ऐसी किसी भी सूचना को तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता रखने, आयोजकों और स्थानीय निवासियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। एसीपी ने कहा कि होली भाईचारे और उल्लास का पर्व है और इसे मिलजुल कर मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में चेतगंज थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी आयोजकों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button