
पटना । भोजपुरी फिल्म उद्योग में पहली बार म्यूजिक अवॉर्ड का आयोजन होने जा रहा है। पटना के गांधी मैदान में आगामी 28 जनवरी को भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज सितारों के साथ हिंदी सिनेमा के भी सितारे शिरकत करेंगे। इस दौरान भोजपुरी संगीत से जुड़े हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।भोजपुरी सिनेमा में फिल्मों को लेकर काफी लंबे समय से अवार्ड समारोह का आयोजन होते आ रहा है। भोजपुरी सिनेमा में यह पहला मौका है, जब म्यूजिक को अवॉर्ड दिया जाएगा। देखा जाए तो इन दिनों भोजपुरी फिल्मों से ज्यादा म्यूजिक एल्बम ज्यादा डिमांड में हैं और भोजपुरी एल्बम्स के गाने खूब सुने जा रहे हैं। साल 2022 में यूट्यूब इंडिया की टॉप 10 म्यूजिक वीडियो लिस्ट में भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के दो गाने शामिल रहे। इन दोनों गानों में से ‘ले ले आई कोका कोला’ पांचवें नंबर पर और ‘नथुनिया’ 10वे नंबर पर रहा।इस अवॉर्ड का आयोजन भोजपुरी फिलमची चैनल द्वारा किया जा रहा है। फिलमची भोजपुरी चैनल आईएन 10 मीडिया नेटवर्क का क्षेत्रीय फिल्म चैनल है, जिसपर भोजपुरी फिल्में रिलीज होती है। पिछले साल लखनऊ में आयोजित भोजपुरी फिल्म अवार्ड के दौरान फिलमची भोजपुरी चैनल डिजिटल पार्टनर था। इसी अवॉर्ड शो के दौरान पवन सिंह और खेसारी लाल यादव आपसी मतभेद भुलाकर एक दूसरे से गले मिले थे।बताया जा रहा है कि फिलमची म्यूजिक अवार्ड्स के आयोजन का मकसद भोजपुरी संगीत जगत से जुड़े गायक, संगीतकार और गीतकारों को भोजपुरी संगीत में उनके उत्कृष्ट योगदान को पहचानना और उन्हें सम्मानित करना है। अपनी शैली की व्यापक लोकप्रियता के बावजूद, यह पहल उद्योग के भीतर स्वीकृति और प्रशंसा की दीर्घकालिक आवश्यकता को स्वीकार करने वाला होगा। फिलमची म्यूजिक अवार्ड्स 2024 का आयोजन पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में होगा। इस अवसर पर उदित नारायण, कुमार सानू और अलका याग्निक के अलावा भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह, खेसारीलाल यादव, रितेश पांडेय, मोनालिसा, आम्रपाली दुबे, अरविंद अकेला कल्लू, प्रवेश लाल यादव और भी कई बड़े सितारे शामिल होंगे।