Varanasi : गणतंत्र दिवस पर काशी विश्वनाथ धाम में पहली बार हुआ ध्वज वंदन समारोह

Shekhar Pandey
वाराणसी। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण एवं पहली बार ध्वज वंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे धाम स्थित नीलकंठ भवन (प्रशासनिक कार्यालय) में संपन्न हुआ।


ध्वजारोहण समारोह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण, उप जिलाधिकारी श्री पवन प्रकाश, डिप्टी कलेक्टर श्री शम्भू शरण, नायब तहसीलदार श्री मिनी एल. शेखर सहित न्यास के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ मातृभूमि को नमन किया गया।

ध्वजारोहण के उपरांत भारत माता की प्रतिमा पर श्रद्धा भाव से भारत माता आराधना की गई। इसी क्रम में इस वर्ष नई पहल के रूप में भारत माता स्थल पर स्थापित राष्ट्रीय ध्वज का ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डमरू वादन, शास्त्रीगणों द्वारा स्वस्तिवाचन, तिरंगे पर पुष्पांजलि अर्पण तथा भारत माता एवं राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत आरती संपन्न हुई। इसमें मंदिर न्यास के अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन शामिल रहे।
इसके पश्चात धाम के सभागार में एक गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, शांति एवं प्रगति पर अपने विचार रखे। सभी ने ईमानदारी व निष्ठा से अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया। सोमवारीय रुद्राभिषेक में अविमुक्तेश्वर महादेव का अभिषेक राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया गया तथा समस्त आरती-श्रृंगार में तिरंगा थीम विशेष आकर्षण रहा।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं और राष्ट्र की निरंतर प्रगति व कल्याण की कामना की गई।



