Varanasi : कोडीन कफ सिरप तस्करी का भंडाफोड़, शुभम जायसवाल के तीन करीबी गिरफ्तार

वाराणसी, 28 जनवरी 2026। कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के तीन करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पाठक उर्फ लल्ली (37), विकास सिंह नरवे (34) और अंकित कुमार श्रीवास्तव (30) शामिल हैं। ये आरोपी फर्जी ई-वे बिल, जीएसटी इनवॉइस और अन्य कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्त थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी न्यू फेन्सिडिल, ओनरेक्स, इस्कफ समेत अन्य कोडीन युक्त कफ सिरप का औषधीय उपयोग से हटकर नशे के लिए अवैध डायवर्जन कर रहे थे। यह कफ सिरप बिहार, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के रास्ते बांग्लादेश तक तस्करी किया जाता था, जिससे हवाला के माध्यम से करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। आकाश पाठक और विकास सिंह के विरुद्ध न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और लुकआउट नोटिस भी जारी किया जा चुका था। तीनों आरोपी नेपाल फरार होने की फिराक में थे, जिन्हें 27 जनवरी 2026 को नेपाल बॉर्डर रोड, जनपद सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि फर्जी फर्मों के माध्यम से कफ सिरप की बिलिंग दिखाकर वास्तविक माल की तस्करी की जाती थी और हवाला के जरिए रकम प्राप्त की जाती थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, अन्य संलिप्त दवा कारोबारियों और फर्जी फर्मों की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



