डीडीयू मंडल को जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड, जश्न का माहौल

Nispaksh kashi
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में पूर्व मध्य रेल के “विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025” के तहत जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित कुल 11 शील्ड मिलने पर उत्सव का माहौल रहा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को पूरे मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डीडीयू जंक्शन से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक निकाली गई भव्य उत्सव यात्रा से हुई। ‘प्रगति के पथ पर अग्रसर, हम बना रहे हैं नया भारत’ के उद्घोष के साथ निकली इस यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच प्राप्त शील्डों का प्रदर्शन किया गया। इसमें अधिकारियों, रेलकर्मियों तथा स्काउट-गाइड के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इस सफलता का श्रेय टीम वर्क, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को दिया। उन्होंने कहा कि यही प्रतिबद्धता भविष्य में भी मंडल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
इसके बाद मंडल कार्यालय सभागार में केक काटकर सफलता का जश्न मनाया गया। रेलकर्मियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।
डीडीयू मंडल ने परिचालन, माल ढुलाई, इंफ्रास्ट्रक्चर उन्नयन और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। 4.5 किमी लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन, 100 प्रतिशत समयपालन और डिजिटल बायोमेट्रिक साइन-अप जैसी पहलें इसकी प्रमुख उपलब्धियां रहीं।
इस वर्ष मंडल को जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड के अलावा पर्सनल, सिग्नल, विद्युत, इंजीनियरिंग, वित्त, सामग्री प्रबंधन और परिचालन सहित विभिन्न विभागों में कुल 11 शील्ड प्राप्त हुई हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यह सफलता हर रेलकर्मी की कड़ी मेहनत का परिणाम है और इसी टीम भावना के साथ डीडीयू मंडल आगे भी उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करता रहेगा।







