वाराणसी: आर.पी. रस्तोगी इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह सम्पन्न

Shekhar Pandey
वाराणसी। वाराणसी के कोतवालपुरा, बांस फाटक स्थित आर.पी. रस्तोगी इंटर कॉलेज में मंगलवार को अभिभावकों की उपस्थिति में कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 के विद्यार्थियों के गृह वार्षिक परीक्षा परिणाम का वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


इस अवसर पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर का वातावरण उत्साह, उत्सुकता और हल्की घबराहट से भरा रहा, क्योंकि विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम जानने के लिए आतुर दिखे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में उच्च अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें समझते हुए प्रोत्साहित करें।


अंत में प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र में अपार क्षमता निहित है, आवश्यकता है उसे पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ाने की। उन्होंने सभी को जीवन में निरंतर प्रगति करने के लिए शुभकामनाएं दीं।








