उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : माघी पूर्णिमा व संत रविदास जयंती पर काशी में हाई-एलर्ट, सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। माघी पूर्णिमा और संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने हाई-एलर्ट घोषित करते हुए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने बुधवार को गंगा घाटों और संत रविदास मंदिर सीरगोवर्धन सहित संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इन दोहरे धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के काशी के प्रमुख गंगा घाटों तथा संत रविदास मंदिर परिसर में पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है।

गंगा घाटों पर विशेष भीड़ प्रबंधन
अपर पुलिस आयुक्त ने भैसासुर, दशाश्वमेध, अस्सी सहित सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की भगदड़ की स्थिति से बचाव सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हेलीपैड से जुलूस मार्ग तक कड़ी सुरक्षा
पंजाब सहित अन्य राज्यों से स्पेशल ट्रेनों द्वारा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सीरगोवर्धन स्थित हेलीपैड को हाई-सिक्योरिटी ज़ोन घोषित किया गया है। यहां कड़ी जांच व्यवस्था के साथ वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीकी निगरानी और जुलूस सुरक्षा
मंदिर परिसर, जुलूस मार्ग और पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से 24×7 निगरानी रखने तथा कंट्रोल रूम से लाइव समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मैदागिन चौराहे से सीरगोवर्धन तक निकलने वाले जुलूस मार्ग पर रूफटॉप सर्विलांस, छतों की जांच और डीजे व तेज आवाज पर नियंत्रण के भी निर्देश जारी किए गए।

आपातकालीन तैयारियां पूर्ण
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), एम्बुलेंस, अग्निशमन दल और दिव्यांग सहायता केंद्र सक्रिय रहेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए स्ट्राइकिंग फोर्स और रिजर्व बल की भी तैनाती की जाएगी।

विनम्र व्यवहार के निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव वंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूरी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि दोनों पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button