उत्तर प्रदेशवाराणसी

Varanasi : प्रतिबंधित कफ सिरप प्रकरण में एसआईटी की कार्रवाई की पुलिस आयुक्त ने की समीक्षा

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) द्वारा की जा रही कार्रवाई की प्रगति की शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने गहन समीक्षा की। उन्होंने अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आगे की रणनीति पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस गंभीर प्रकरण में अब तक कमिश्नरेट पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो गोदामों का पर्दाफाश किया गया है, जहां से कुल 1,19,700 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 63 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले में अब तक 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अवैध आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करते हुए 65 बैंक खातों को फ्रीज कर करीब 5.7 करोड़ रुपये की धनराशि रोकी गई है। वहीं मुख्य सरगनाओं की 8 अचल संपत्तियों को चिन्हित कर लगभग 30 करोड़ 47 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कफ सिरप की 71 खेप पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के रास्ते बांग्लादेश की ओर तस्करी की जा रही थी, जिसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), बीएसएफ तथा संबंधित राज्यों की पुलिस द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पकड़ा गया। फरार 40 अभियुक्तों के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए गए हैं, जबकि दो मुख्य अभियुक्त आकाश पाठक और शुभम जायसवाल के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि आगामी कार्रवाई के तहत शुभम जायसवाल के करीबियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच कर उन्हें कुर्क किया जाएगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क की पड़ताल तथा संगठित अपराध में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button