पत्रकारपुरम के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, सौंदर्यीकरण का राज्यमंत्री ने दिया भरोसा

खुली बिजली लाइनें भूमिगत कराने के निर्देश, सामुदायिक भवन जल्द कॉलोनीवासियों को सौंपने का आश्वासन
वाराणसी। पत्रकारपुरम कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर पत्रकारपुरम विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल से मुलाकात की। इस दौरान कॉलोनी के सौंदर्यीकरण, विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित मांगपत्र सौंपा गया। राज्यमंत्री ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए कॉलोनी के समग्र विकास का भरोसा दिलाया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजकुमार सिंह ने कॉलोनी से गुजरने वाली खुली हाईटेंशन एवं एबीसी विद्युत लाइनों को भूमिगत कराने का मुद्दा उठाया। इस पर राज्यमंत्री ने तत्काल विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से फोन पर वार्ता कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में निर्मित सामुदायिक भवन को निवासियों को हस्तांतरित करने की मांग भी रखी। डॉ. राजकुमार सिंह ने बताया कि लंबे समय से प्रयास किए जाने के बावजूद वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से सामुदायिक भवन कॉलोनीवासियों को नहीं सौंपा गया है। इस पर राज्यमंत्री ने जल्द ही भवन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा कॉलोनी में सोलर लाइट लगाने, सड़कों का निर्माण कराने, चारों प्रवेश द्वारों पर नए गेट लगवाने तथा चौराहों एवं तिराहों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड एवं स्वास्थ्य कार्ड बनवाने का विषय भी उठाया।
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि पत्रकारपुरम कॉलोनी का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही जनचौपाल लगाकर कॉलोनीवासियों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों एवं कॉलोनी के निवासियों के हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. अरविंद सिंह, समिति अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, गिरीश दुबे, अवधेश सिंह, प्रदीप सिंह, राजेंद्र दुबे एवं एके राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



