Ghazipur News: महाशिवरात्रि पर गाजीपुर जनपद हुआ शिवमय , श्रद्धालुओ की सुरक्षा में पुलिस का पुख्ता इंतजाम

गाजीपुर। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को लहुरीकाशी पूरी तरह से शिवमय हो गई। हर ओर त्रिपुंड लगाए श्रद्धालू नजर आ रहे थे। इनमें कोई पूजन करने जा रहा था तो कोई देवाधिदेव के दर्शन कर वापस लौट रहा था। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के शिव मंदिरों में देवाधिदेव के दर्शन-पूजन की धूम रही। सुबह से पूजा-पाठ का जो सिलसिला शुरु हुआ, वह रात तक जारी रहा। महाहर धाम में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने त्रिनेत्रधारी का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भक्तों ने हर-हर महादेव एवं बोल बम का जयघोष किए । भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।सूर्योदय होते ही शिव भक्तों के मंदिरों पर पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। सुबह आठ बजे तक शिवालयोंं में श्रद्ध्रालुओं की अधिक भीड़ एकत्र हो गई थी। शहर के मिश्रबाजार स्थित अति प्राचीन शिव मंदिर, लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर, ददरीघाट, रायगंज स्थित अमरनाथ, चीतनाथ, नवाबगंज के साथ ही अन्य स्थानों पर स्थित शिव मंदिरों में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने मत्था टेका। सबसे ज्यादा भीड़ पीरनगर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर पर रही। महाहर धाम पर भोर से ही शिव भक्तों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया था। आठ बजते-बजते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया था। जलाभिषेक के लिए काफी लंबी कतार लगी थी। मंदिर के द्वार पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा लोगों को एक के बाद एक जलाभिषेक कराया जा रहा था। देर शाम तक लगभग 50 हजार से ऊपर तक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। इस मौके पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, एसडीएम आशुतोष कुमार, तहसीलदार जया सिंह, सीओ चोब सिंह आदि मौजूद थे।वही दूसरी ओर मुहम्मदाबाद बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव के मंदिर पर सुबह दो बजे से ही जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई थी। अधिक संख्या में महिलाओं ने मंदिर परिसर में अखंड दीप जलाकर पूरी रात मंदिर में भजन-कीर्तन कर जागरण किया ।करीमुद्दीनपुर-दुबिहा: नागेश्वर महादेव मंदिर, ऊंचाडीह, बुढ़वा महादेव, झारखंडे महादेव तथा लखेश्वरडीह और कामेश्वर नाथ धाम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। औड़िहार गंगा घाट स्थित स्वयंभू बाबा विशेश्वर नाथ महादेव का दूल्हे के रूप में भव्य श्रृंगार किया गया। रात्रि जागरण, भक्ति गीत तथा भजन-कीर्तन स्थानीय कलाकारों द्वारा किया गया। जमानिया : महेवा गांव स्थित बाबा महेश्वर नाथ के मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। नंदगंज : प्राचीन ईशानेश्वर महादेव मंदिर बरहपुर पर रात में भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। देवकली : गंगा के तटवर्ती क्षेत्र चकेरी धाम पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गहमर : अति प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। पुजारी उपेंद्र पांडेय ने बताया कि सुबह 4:30 बजे से श्रद्धालु मंदिर पर पहुंचने लगे थे।