
बिहार । मधुबनी जिले में एक खूंखार युवक ने अपनी पत्नी सास और दो मासूम बच्चों को पीट पीट कर निर्मम हत्या कर दी । हत्यारे का यह रूप देखकर दो बच्चो ने कंबल में छिपकर अपनी जान बचाई । घटना की जानकारी मिलते ही लोगो की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। भीड़ को संभालने के लिए मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई।
घटना झंझारपुर थाना अंतर्गत सुखेत गांव की है। हत्या का आरोपी पवन महतो दरभंगा के सदतपुर थाना के अवाम गांव का निवासी बताया जाता है। पवन की पत्नी पिंकी अपने पति से झंझट के बाद कुछ महीनों से अपने मायके झंझारपुर के सुखेत गांव में रह रही थी। पति से उसका विवाद चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात पवन महतो किसी को साथ लेकर ससुराल पहुंचा था। यहां उसने सोयी अवस्था में अपनी सास प्रमिला देवी 59 वर्ष और पत्नी पिंकी 26 वर्ष के साथ चार साल की बेटी प्रिया और छह महीने की बेटी प्रीति को पीट पीट कर मार डाला।
पुलिस ने घटनास्थल पर लहू से सने जांता (अनाज पीसने वाले पत्थर) और लकड़ी के उसके हैंडल को बरामद किया है।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही डीएसपी पवन कुमार, इंस्पेक्टर बी के ब्रजेश, थानाध्यक्ष रंजित कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नृशंस हत्या कांड के दौरान की एक बड़ी बात सामने आ रही है। हत्याकांड के वक्त दो और मासूम घर में मौजूद थे। इनदोनों ने अपनी सूझबूझ से जान बचा ली। वारदात के दौरान दोनों मासूम बच्चे बेड के नीचे कंबल में छिप गए। हत्यारे को यह दोनों नहीं दिखे।
इसके बाद पुलिस और परिजनों ने दोनों को बाहर निकाला। दोनों ने जो खुलासा किया वह हैरान करने वाला था। दोनों ने कहा कि उनके फूफा ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर बुआ, दादी और दोनों फुफेरी बहनों को मार दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। झंझारपुर डीएसपी पवन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



