उत्तर प्रदेशवाराणसी

मोदी–योगी सरकार में बढ़े अत्याचार, ‘अमृतकाल’ नहीं ‘अत्याचारकाल’ चल रहा है : अजय राय

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आज वाराणसी स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि “मोदी–योगी सरकार के नौ-दस साल के शासनकाल में पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों पर अत्याचारों की घटनाओं में भयावह वृद्धि हुई है। यह तथाकथित ‘अमृत काल’ नहीं, बल्कि ‘अत्याचारकाल’ बन गया है।” केंद्र कि मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश कि योगी सरकार का एक मात्र लक्ष्य है मंहगाई, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को आगे बढ़ाना । आज हालात यह हो गए हैं कि आमजन सोने को बेचकर पर्व मनाने को मजबूर हैं । अभी दीपावली का पर्व बीता है और लोक आस्था का पर्व छठ आज से शुरू होने जा रहा है । हमारी माताएं ,बहनें निर्जला होकर छत्तीस घंटे का व्रत रखती हैं ।

सरकार ने घाटों कि साफ सफाई और गंगा जी में पानी के निर्बाध प्रवाह कि कोई सुचारु व्यस्था नहीं कि । हर तरफ गंदगी पसरी हुई है । इससे साबित होता है कि इस सरकार का सारा ध्यान सिर्फ जनता को लूटने पर है। आज वाराणसी कि जनता सरकार प्रायोजित दुर्व्यवस्थाओं, सरकारी लूट खसोट, सरकारी मशीनरियों के जनविरोधी और असंवेदनशील रवैए से त्रस्त हो चुकी है। भाजपा सरकार की नीतियां और कार्यशैली वंचित-विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सबका साथ, सबका विकास का नारा देकर सत्ता में आए थे, वे आज सबका शोषण और सबका उत्पीड़न करने में लगे हैं। समाज के हाशिये पर खड़े लोगों को अपमान और अमानवीयता का दंश झेलना पड़ रहा है। भाजपा और संघ की सोच में दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक आज भी दूसरे दर्जे के नागरिक माने जाते हैं।

अजय राय ने बिहार चुनाव के संदर्भ में सवाल पूछे जाने पर कहा कि बिहार में एन डी ए और नीतीश सरकार ने सिर्फ शराब तस्करी का रोजगार दिया दिया है । आज बिहार के किसान, युवा, दलित, पिछड़े वर्ग के लोग नीतीश सरकार के कुशासन से आजिज आ चुके हैं। बिहार में जनता पूर्ण रूप से बदलाव का मन बना चुकी है । इस चुनाव में जनता इसे अपने वोटो से सिद्ध भी करेगी। अजय राय ने एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्ट में साफ़ लिखा है कि SC/ST के खिलाफ अपराधों में सबसे ज्यादा वृद्धि उत्तर प्रदेश में हुई है। यह सिर्फ एक आँकड़ा नहीं, बल्कि मोदी-योगी सरकार की मानसिकता का प्रमाण है। अगर सरकार को सच में समाज के वंचित तबके की चिंता होती, तो ऐसी भयावह स्थिति कभी नहीं बनती।

उत्तर प्रदेश में दलितों और पिछड़ों पर होने वाले अत्याचारों की सूची इतनी लंबी है कि इस पर एक पुस्तक लिखी जा सकती है। कभी दलित युवक को मूंह में मल भर दिया जाता है, कभी आदिवासी पर पेशाब किया जाता है, कभी वंचितों को निर्वस्त्र कर जुलूस निकाला जाता है। यह प्रदेश आज शर्मसार है और सरकार मौन दर्शक बनी बैठी है। अभी हाल ही में फतेहपुर, रायबरेली, काकोरी आदि में घटी अमानवीय घटनाएं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। अजय राय ने कहा कि आज रायबरेली, कानपुर, आजमगढ़, हाथरस, बलिया, मैनपुरी, फतेहपुर जैसे जिलों में वंचितों पर अत्याचार आम बात हो चुकी है। अभी हाल ही में प्रयागराज में दिनदहाड़े एक पत्रकार को चाकुओं से मारकर हत्या कर दी गई।

लूट, हत्या, अपहरण जैसी घटनाएं योगी जी के राज में आम हो चुकी हैं।पूरब से लेकर पश्चिम तक, उत्तर से लेकर दक्षिण तक पूरा उत्तर प्रदेश भय और अन्याय के वातावरण में जी रहा है। दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला है और पुलिस-प्रशासन भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ‘कानून का राज’ नहीं, बल्कि ‘दबंगों का राज’ चल रहा है। दलित, आदिवासी, मुस्लिम और पिछड़ा समाज आज अपने ही राज्य में असुरक्षित है। यह किसका अमृतकाल है? जनता तो जहर पी रही है। अजय राय ने आगे कहा कि जो स्वतंत्रता, समानता और सम्मान संविधान ने वंचित वर्ग को दिया है, उसकी रक्षा करने में मोदी और योगी सरकार पूरी तरह विफल रही है। यह सरकार बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों की घोर अपमानक है। भाजपा सामाजिक न्याय की नहीं, सामाजिक अन्याय की राजनीति कर रही है। अभी हाल ही में देश के मुख्य न्यायाधीश के ऊपर जूता फेंकने कि घटना इसकी तस्दीक करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वंचितों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की आवाज बनेगी। जहां भी अन्याय, अत्याचार, अपराध होगा कांग्रेस पार्टी के बब्बर शेर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ ऐसे अपराधों के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए खड़े मिलेंगे।

कांग्रेस पार्टी न्याय और समानता के लिए हर संघर्ष करेगी। देश और प्रदेश में जब तक एक भी व्यक्ति पर जाति या धर्म के नाम पर अन्याय होगा, कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। राय ने अंत में कहा कि अब जनता का सवाल सीधा है, मोदी राज में वंचितों को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार क्यों नहीं है? संविधान ने जो स्वतंत्रता दी, उसकी रक्षा कौन करेगा?।पत्रकारवार्ता में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेन्द्र चौबे, प्रदेश सचिव फसाहत हुसैन बाबू , सतनाम सिंह, अरुण सोनी, प्रमोद वर्मा, चंचल शर्मा, अब्दुल हमीद डोडे, डॉ नृपेन्द्र नारायण सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button