Varanàsi : श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दशनामी नागा अखाड़ों के संन्यासियों ने महाशिवरात्रि की तैयारियों का किया निरीक्षण

वाराणसी। महाकुंभ 2025 के दौरान महाशिवरात्रि पर्व पर दशनामी नागा अखाड़ों के संन्यासियों द्वारा पारंपरिक शोभायात्रा निकालकर भगवान विश्वनाथ के दर्शन-पूजन की परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। इसी क्रम में रविवार को विभिन्न अखाड़ों के पूज्य नागा संन्यासियों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

नागा संन्यासियों ने दर्शन-पूजन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी काशी, डीसीपी सुरक्षा तथा अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने मंदिर प्रांगण में प्रवेश, दर्शन-पूजन और निकासी से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण एवं डिप्टी कलेक्टर श्री शंभू शरण ने नागा संन्यासियों का स्वागत किया और महाशिवरात्रि पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

गौरतलब है कि महाकुंभ के दौरान महाशिवरात्रि पर्व पर दशनामी नागा अखाड़ों के संन्यासी भव्य शोभायात्रा निकालकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचते हैं और विधि-विधान से भगवान विश्वनाथ का पूजन-अर्चन करते हैं। इसी परंपरा के निर्वहन हेतु नागा संन्यासियों ने मंदिर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंदिर न्यास के अधिकारियों ने संन्यासियों को दर्शन-पूजन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी और प्रशासन के सहयोग से सुचारू संचालन का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान संन्यासियों ने मंदिर परिसर में भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर विशेष पूजन भी किया।