उत्तर प्रदेशवाराणसी

पांच दिवसीय आई.पी.एम. प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, 49 प्रशिक्षणार्थियों को दी गई जैविक कीट प्रबंधन की जानकारी

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। कृषि को रसायनों के दुष्प्रभाव से मुक्त करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय आई.पी.एम. (एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन) ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 से 27 नवंबर 2026 तक कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के वनस्पति संरक्षण, संगरोध एवं संग्रह निदेशालय के अंतर्गत केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, वाराणसी की ओर से आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. राजेश कुमार, निदेशक, आईआईवीआर तथा डॉ. एम.पी. यादव, प्रभारी अधिकारी, एनएसआरटीसी, वाराणसी ने प्रतिभागियों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों एवं उनके महत्व की जानकारी दी। वहीं, डॉ. डी.के. सिंह, प्रभारी अधिकारी, वनस्पति संगरोध केंद्र, वाराणसी ने कीटनाशकों के संतुलित एवं सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश तथा कृषि महाविद्यालयों से आए कुल 49 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

समापन समारोह में केंद्र के कार्यालय प्रमुख एवं सहायक निदेशक श्री सुनीत कुमार कटियार ने कहा कि फसलों को रोग, कीट एवं खरपतवार से सुरक्षित रखना बेहतर उत्पादन के लिए बेहद जरूरी है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल सुरक्षा और उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि कीटों एवं बीमारियों के प्रकोप को नियंत्रित करने के साथ अनावश्यक खरपतवार पर अंकुश लगाना भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में डॉ. यू.के. त्रिपाठी, सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष, पादप रोग विज्ञान, सीएसए, कानपुर तथा केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, वाराणसी के श्री अवधेश कुमार एवं श्री खुबुद्दीन सिद्दीकी ने कृषि पारिस्थितिकी के विश्लेषण और फसल प्रबंधन संबंधी निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।

विशेषज्ञों ने बताया कि फसलों में कीटनाशकों का प्रयोग केवल आवश्यकता और कीटों की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही करना चाहिए। रासायनिक दवाओं का अनावश्यक एवं अत्यधिक उपयोग फसल के लिए लाभकारी मित्र कीटों को भी नुकसान पहुंचाता है, जिससे कृषि पारिस्थितिकी प्रभावित होती है। कीटनाशकों के इस्तेमाल के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है।

प्रशिक्षण को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रतिभागियों को वाराणसी जिले के विभिन्न गांवों में धान, गन्ना एवं सब्जियों के खेतों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान गोभी, मिर्च, टमाटर और मटर की फसलों में कीट एवं रोगों की स्थिति का निरीक्षण कराया गया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों से खेतों में कीटों की पहचान कर उनके नियंत्रण के उचित उपायों का निर्णय भी करवाया। अनाज, दलहन, तिलहन, बागवानी एवं सब्जियों की फसलों में कीट, रोग और खरपतवार प्रबंधन का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।

इसके अलावा ग्रामीण स्तर पर ट्राइकोडर्मा विरिडी, फल मक्खी नियंत्रण तथा जैविक एवं गैर-रासायनिक प्रबंधन तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के लिए एनपीएसएस एप के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अंत में श्री सुनीत कुमार कटियार ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग किसान कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी प्रतिभागी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन को बढ़ावा देंगे और कीटनाशकों के अविवेकपूर्ण उपयोग को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button