उत्तर प्रदेशवाराणसी

काशी विश्वनाथ धाम में सघन चेकिंग: श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार और अवैध वसूली के आरोप में 23 हिरासत में

Shekhar Pandey

Advertisements

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुगम दर्शन व बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चौक थाना पुलिस ने रविवार को मंदिर परिसर के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार करने और सुगम दर्शन के नाम पर अनावश्यक धनलाभ अर्जित करने के आरोप में 23 लोगों को हिरासत में लिया गया।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध व प्रभारी निरीक्षक चौक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 के बाहर कुछ लोग श्रद्धालुओं से स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर रुपये लेकर विवाद कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने मौके पर भीड़ के बीच मौजूद 23 लोगों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कुछ लोग नाराज होकर दर्शनार्थियों और पुलिस टीम से उलझने लगे, जिससे मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।

स्थिति को देखते हुए सभी 23 लोगों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए एक पक्षीय चालान किया गया। पुलिस ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button