ज्वेलरी एग्जीबिशनों को लेकर काशी के सर्राफा व्यापारियों में नाराजगी, सोने की शुद्धता और GST जांच की उठी मांग

शुभम सेठ ‘गोलू’ ने स्थानीय कारीगरों के रोजगार, उपभोक्ता हितों और व्यापारिक पारदर्शिता का मुद्दा उठाया
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगातार आयोजित हो रही ज्वेलरी एग्जीबिशनों को लेकर स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि इन आयोजनों के कारण स्थानीय बाजार का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं, पीढ़ियों से आभूषण निर्माण के कार्य से जुड़े कारीगरों के सामने भी रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ ‘गोलू’ ने स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों की समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन एवं संबंधित विभागों से जवाबदेही की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका विरोध व्यापारिक आयोजनों से नहीं, बल्कि ऐसी एग्जीबिशनों से है, जिनमें स्थानीय व्यापारियों, छोटे उत्पादकों और पारंपरिक कारीगरों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। उनका कहना है कि बड़े ब्रांड और बाहरी उत्पादों को प्राथमिकता मिलने से स्थानीय हस्तनिर्मित आभूषणों और कारीगरों की अनदेखी हो रही है।
सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग पर उठाए सवाल
ज्वेलरी एग्जीबिशनों के बीच सोने की शुद्धता को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर भी चिंता जताई गई। शुभम सेठ ने कहा कि आम उपभोक्ता अपनी जीवनभर की कमाई से परिवार और बच्चों के भविष्य के लिए सोने के आभूषण खरीदता है। ऐसे में उसकी शुद्धता को लेकर किसी भी तरह का संदेह गंभीर विषय है। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) और संबंधित विभागों से आभूषणों की शुद्धता, हॉलमार्क तथा HUID की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही कथित मिलावट की शिकायतों की जांच कर अनियमितता प्रमाणित होने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही।
एग्जीबिशनों में GST और खरीद-बिक्री की जांच की मांग
स्थानीय व्यापारियों की ओर से कुछ एग्जीबिशनों में प्रदर्शन के नाम पर बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री और B2B गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें भी उठाई गई हैं। इस संबंध में राज्य एवं केंद्रीय GST विभाग से आयोजनों में होने वाली बिक्री, बिलिंग, स्टॉक और कर संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन या कर संबंधी अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
जिलाधिकारी से मिलकर सौंपा था ज्ञापन
व्यापारियों एवं कारीगरों के प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिनों जिलाधिकारी वाराणसी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था और ज्ञापन सौंपा था। बैठक में एग्जीबिशनों के दौरान होने वाली खरीद-बिक्री, स्थानीय बाजार पर पड़ने वाले प्रभाव और कारीगरों के रोजगार से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया था। अब व्यापारी प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई किए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया
शुभम सेठ ने प्रदेश में सर्राफा कारोबारियों के साथ होने वाली लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने कारोबार के साथ परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित रहते हैं। ऐसे में सरकार और पुलिस प्रशासन को व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब स्थानीय व्यापारी सुरक्षित नहीं होगा, कारीगर को रोजगार नहीं मिलेगा और ग्राहक को सोने की शुद्धता का भरोसा नहीं होगा, तब व्यापारिक व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।
व्यापारियों और कारीगरों से एकजुट होने की अपील
अभियान से जुड़े लोगों ने वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों के सर्राफा व्यापारियों और कारीगरों से अपील की कि वे किसी भी ज्वेलरी एग्जीबिशन में शामिल होने से पहले उसके आयोजन, व्यापारिक गतिविधियों, हॉलमार्किंग और वैधानिक व्यवस्थाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही उचित बिलिंग और उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दें।
इस दौरान सरकार और प्रशासन के सामने पांच प्रमुख सवाल भी रखे गए। इनमें स्थानीय कारीगरों के रोजगार की सुरक्षा, एग्जीबिशनों में खरीद-बिक्री एवं GST की जांच, सोने की शुद्धता और हॉलमार्किंग की निगरानी, व्यापारियों की सुरक्षा तथा छोटे उत्पादकों को उचित अवसर देने की मांग शामिल है।
अभियान से जुड़े लोगों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापार, पारंपरिक कारीगरी, उपभोक्ता सुरक्षा और निष्पक्ष व्यापारिक व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को व्यापक किया जाएगा।
इस अभियान को उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ, संत नरहरी सेना और काशी सर्राफा मंडल का समर्थन प्राप्त है। अभियान से जुड़े प्रमुख लोगों में शुभम सेठ ‘गोलू’, किशन सेठ, अमन सर्राफ, सूरज दयाल सेठ और नवनीत सर्राफ शामिल हैं।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि बनारस का पारंपरिक व्यापार और कारीगरों का हुनर सुरक्षित रहेगा, तभी सदियों पुरानी काशी की आभूषण निर्माण परंपरा आगे बढ़ सकेगी।



