उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में T20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प माह के अंतर्गत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली T20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता की ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में अनावरण किया गया। ट्रॉफी का अनावरण भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की विशेष मौजूदगी रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं। उचित अवसर और मंच मिलने पर वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेलों के माध्यम से दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें आत्मविश्वास और नई उम्मीद पैदा करना है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से समाज में समानता और समावेशिता का संदेश भी दिया जाएगा।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांग समाज उनके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए सदैव आभारी रहेगा। प्रतियोगिता के संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button