शैलेश राम बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष, रोहनिया कार्यालय पर हुआ भव्य स्वागत

Shekhar pandey
वाराणसी। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार राम का सोमवार को भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय रोहनिया पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के बाद संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें 7 अक्टूबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वाराणसी आगमन को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ रणनीति तैयार की गई।
नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम-सूरज योजना और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों के विकास जैसे कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को दलित और वंचित परिवारों तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक के मुख्य वक्ता एवं भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत ने शैलेश कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अनुसूचित जाति मोर्चा काशी क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती देगा।
कार्यक्रम का संचालन काशी क्षेत्र के महामंत्री रजनीश कनौजिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वाराणसी जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश प्रियदर्शी ने किया।
इस दौरान क्षेत्रीय पदाधिकारी रमेश कनौजिया, कविराज, रामाश्रय, डॉ. नन्दलाल सरोज, जय चंद्र कोरी, हिमांशु गौतम सहित विभिन्न जिलों से आए मोर्चा पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







