जीआरपी कैंट पुलिस ने वारंटी अभियुक्त को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

Shekhar pandey
वाराणसी। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिनेश उर्फ गणेश डोम (40) पुत्र कल्लू डोम, निवासी धोबी घाट झोपड़पट्टी, पागलखाना रोड, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम), एनआर वाराणसी की अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी था। यह मामला जीआरपी कैंट थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 5085/2018 से संबंधित है, जिसमें भारतीय दंड विधान की धारा 411 और 414 के तहत कार्रवाई की गई थी।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब आठ बजे पागलखाना रोड स्थित हिमांशु हॉस्पिटल के सामने से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके पर न्यायालय का वारंट दिखाकर उसे गिरफ्तारी की जानकारी दी।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) एन. कोलंची और पुलिस अधीक्षक (रेलवे) प्रशांत वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपाधीक्षक (रेलवे) वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी कैंट थाना प्रभारी रजोल नागर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी कैंट थाना प्रभारी रजोल नागर, जीआरपी काशी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीकांत यादव और हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।



