चेतगंज पुलिस ने 10 किलो प्रतिबंधित मांझे के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Shekhar pandey
नया पानदरीबा में चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई, 14 अंटी मांझा बरामद
वाराणसी। प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज पुलिस ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देशन और काशी जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण में प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चेतगंज पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया पानदरीबा स्थित जगरनाथ मूर्ति की दुकान के पास कार्रवाई की गई।
मौके से जगरनाथ गुप्ता (38 वर्ष), पुत्र मोहनलाल गुप्ता, निवासी कालीमहल, नया पानदरीबा, थाना चेतगंज, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से कुल 10 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा, जिसमें 14 अंटी शामिल हैं, बरामद किया।
इस मामले में चेतगंज थाने में मुकदमा संख्या 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 293, 125 और 223 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 5/15 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पवन कुमार पाण्डेय, पानदरीबा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिप्रा सिंह, उपनिरीक्षक सूरजशाह, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह और कांस्टेबल ब्रह्मानंद शामिल रहे।







