वाराणसी कैंट स्टेशन पर हत्या का वांछित आरोपी गिरफ्तार

Shekhar pandey
महाराष्ट्र के पालघर में दर्ज है मुकदमा, प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर संयुक्त टीम ने दबोचा
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में दर्ज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आजमगढ़ निवासी रिंकू शमशेर माली (36) के रूप में हुई है। आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पालघर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 332/2026 में वांछित आरोपी के मुंबई से ट्रेन के जरिए वाराणसी आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पालघर पुलिस की टीम वाराणसी कैंट पहुंची और जीआरपी से सहयोग मांगा। प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में स्टेशन के प्लेटफॉर्मों और सर्कुलेटिंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पालघर पुलिस ने उसकी पहचान वांछित रिंकू शमशेर माली के रूप में की। इसके बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जीआरपी कैंट थाने लाया गया। महाराष्ट्र पुलिस उसे सक्षम न्यायालय में पेश कर पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की विधिक प्रक्रिया में जुटी है, ताकि उसे पालघर ले जाया जा सके।
कार्रवाई में जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक रामसुन्दर मौर्या, हेड कांस्टेबल मोहम्मद दानिश, रामसिंह, धर्मबीर गौड़ और कांस्टेबल इन्द्रजीत शामिल रहे। महाराष्ट्र पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक संकेत पगडे, पुलिस नाईक सचिन गोल्हे और कांस्टेबल सागर राऊत ने सहयोग किया।







