वाराणसी कैंट स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, ₹60 हजार का मंगलसूत्र बरामद

Shekhar pandey
शिवपुर स्टेशन पर ट्रेन में महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने का आरोप, 23 वर्षीय दीपक सोनकर गिरफ्तार
वाराणसी। रेलवे में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी कैंट वाराणसी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलसूत्र छिनैती के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म नंबर 9 के काशी साइड आउटर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एससी-एसटी छात्रावास के सामने रेलवे लाइन के किनारे सिग्नल बॉक्स के पास रखे एक पुराने बॉक्स के निकट संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति बैठा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक सोनकर उर्फ दीपू (23 वर्ष), निवासी भवानीपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शिवपुर स्टेशन से एक ट्रेन में यात्रा कर रही महिला के गले से मंगलसूत्र छीना था।
मामले की जांच में पता चला कि इस संबंध में जीआरपी कैंट वाराणसी थाने में मुकदमा संख्या 323/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस ने आरोपी को 13 अक्टूबर को सुबह लगभग 11:55 बजे रेलवे स्टेशन वाराणसी कैंट से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) प्रयागराज जोन एन. कोलंची और पुलिस अधीक्षक (रेलवे) प्रयागराज अनुभाग प्रशांत वर्मा के निर्देशन में, पुलिस उपाधीक्षक (रेलवे) वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण तथा जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक राम नारायण शुक्ला, एएसआई राकेश सिंह (सीआईबी), कांस्टेबल उमाकान्त यादव, कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल जीतेन्द्र कुमार, कांस्टेबल श्रीशेष यादव और कांस्टेबल धीरज कुमार यादव सहित पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल की टीम कार्रवाई में शामिल रही।
बरामदगी: एक मंगलसूत्र लॉकेट सहित, अनुमानित कीमत ₹60,000।
संबंधित मुकदमा: मु0अ0सं0 323/2026, धारा 304(2) एवं 317(2) बीएनएस, थाना जीआरपी कैंट वाराणसी।







