उत्तर प्रदेशवाराणसी

व्यापारियों की समस्याओं पर पुलिस कमिश्नर गंभीर, चौक थाने की भी संभाली जिम्मेदारी; पुलिसिंग सुधार पर जोर

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। शहर में पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने नई पहल शुरू की है। इसी क्रम में स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से बातचीत कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा।

व्यापारियों ने दालमंडी में सीवर की समस्या, नवंबर में शुरू होने वाली दालमंडी रोड, सराफा मंडी गली में पार्किंग, गलियों में जाम और ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों पर चर्चा की। इसके साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की समस्याओं और पार्किंग शुल्क को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी बात रखी।

पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। पार्किंग व्यवस्था को लेकर उन्होंने एसीपी को दो दिन बाद क्षेत्र का भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, कमिश्नरेट पुलिस में थानों की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए एडीजी से लेकर सीओ स्तर तक के अधिकारियों को अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने चौक थाने को गोद लिया है। इस व्यवस्था के तहत अधिकारी अपने जिम्मेदारी वाले थानों की नियमित समीक्षा करेंगे और वहां की व्यवस्थाओं में सुधार पर नजर रखेंगे।

थानों में साफ-सफाई, पुलिसकर्मियों की मेस व्यवस्था, जनसुनवाई और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संवाद पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण और जनता का विश्वास मजबूत करने की दिशा में भी अधिकारियों को काम करना होगा।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक वर्ष में 250 से अधिक साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। कई आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि करीब 20 करोड़ रुपये की रिकवरी भी हुई है। इसके अलावा लगभग सात हजार संदिग्ध सिम कार्ड निष्क्रिय कराए गए और आधा दर्जन से अधिक फर्जी कॉल सेंटर बंद कराए गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थानों को गोद लेने की व्यवस्था का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाना, साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button