उत्तर प्रदेशवाराणसी

जीएसटी परिषद की सिफारिशों से बढ़ेगा कारोबारियों का भरोसा, दीपक बजाज बोले- उद्योग अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ

Shekhar pandey

Advertisements

वाराणसी। उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन (UPRFMA) ने 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक में उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर की गई सिफारिशों का स्वागत किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं आईआईए के राष्ट्रीय महासचिव दीपक कुमार बजाज ने कहा कि प्रस्तावित सुधारों से जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।

दीपक कुमार बजाज ने विशेष रूप से जीएसटी के तहत गिरफ्तारी संबंधी प्रावधानों को समाप्त करने तथा अभियोजन की मौद्रिक सीमा को ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ किए जाने की सिफारिश का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों और उद्यमियों में विश्वास बढ़ेगा तथा अनावश्यक कानूनी कार्रवाई का भय कम होगा।

उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और राजस्व वृद्धि के महत्वपूर्ण आधार हैं। जीएसटी व्यवस्था का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देना और कारोबार के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना होना चाहिए।

एसोसिएशन ने सामान्य जुर्माने की अधिकतम सीमा ₹25 हजार से घटाकर ₹10 हजार करने, ₹10 हजार से कम कर राशि से जुड़े मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी नहीं करने तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और रिफंड प्रक्रिया को सरल बनाने जैसी सिफारिशों को भी उद्योग हित में महत्वपूर्ण बताया।

बजाज ने कहा कि ई-वे बिल और माल परिवहन से जुड़े प्रस्तावित सुधारों से भी व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सक्षम अधिकारी की अनुमति और विशेष सूचना के आधार पर वाहनों की जांच तथा ट्रांजिट राज्यों में अनावश्यक रुकावटों को कम करने से माल परिवहन अधिक सुगम हो सकता है।

उन्होंने कहा कि रोलर फ्लोर मिलिंग और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग में कच्चे माल की खरीद, गेहूं का परिवहन, मशीनरी में निवेश, तैयार उत्पादों की आपूर्ति और कार्यशील पूंजी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। ऐसे में जीएसटी प्रक्रियाओं का सरलीकरण, समयबद्ध रिफंड और अंतरराज्यीय परिवहन में बाधाओं को कम करना इस क्षेत्र के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा।

दीपक कुमार बजाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में शामिल है और प्रदेश में बड़ी संख्या में रोलर फ्लोर मिलें संचालित हैं। इन उद्योगों का सीधा संबंध किसानों, परिवहन कारोबार, श्रमिकों तथा बिस्कुट, ब्रेड, बेकरी और अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों से है।

एसोसिएशन ने जीएसटी व्यवस्था में उद्योग एवं व्यापार हित में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button