श्री काशी विश्वनाथ धाम में शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

Shekhar pandey
वाराणसी । शक्ति आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। माँ भगवती की आराधना, भक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित इस कार्यक्रम में भजन गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

सांस्कृतिक संध्या का संचालन उद्घोषिका सुश्री मीनाक्षी दीक्षित द्वारा किया गया। उनके प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। सांस्कृतिक संध्या में प्रथम प्रस्तुति भजन गायक श्री प्रवीण कुमार सिंह द्वारा दी गई। उनके भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से जोड़ने का कार्य किया। द्वितीय प्रस्तुति में भजन गायक श्री शेर सिंह ने अपनी भजन प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके पश्चात श्री सोनी सेठ के नृत्य समूह द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरते हुए उपस्थित जनों को भारतीय कला एवं नृत्य परंपरा से परिचित कराया।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या भारतीय सनातन परंपरा, देवी उपासना एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन की भावना को समर्पित रही। श्री काशी विश्वनाथ धाम में नवरात्रि के प्रत्येक दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के साथ भारतीय कला, संगीत एवं आध्यात्मिक संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने तथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।



