वाराणसी जंक्शन पर चोरी के आभूषणों के साथ आरोपी गिरफ्तार, ₹2.50 लाख के जेवर बरामद

Shekhar pandey
वाराणसी। रेलवे स्टेशन वाराणसी जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो लाकेट, मोबाइल फोन, सीजर ब्लेड और एक हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को जीआरपी कैंट वाराणसी की टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर-1 से यात्री हाल होते हुए सिग्नल ऑफिस की ओर जाते समय नीम के पेड़ के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी में उसकी पहचान मो. हमीदुल्लाह खान (36) पुत्र मो. जफरूल्लाह खान, निवासी कबीरनगर, गोकलपुर, नई वेलकम, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई।
तलाशी में दो मंगलसूत्र, दो लाकेट, वीवो कंपनी का मोबाइल, एक सीजर ब्लेड और 1,000 रुपये नकद बरामद हुए। जांच में बरामद लाकेट और ब्लेड को जीआरपी कैंट वाराणसी में दर्ज तीन अलग-अलग मुकदमों से संबंधित पाया गया।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जीआरपी कैंट वाराणसी में मु0अ0सं0 310/2026, 270/2026 और 267/2026 दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी/छिनैती से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।
कार्रवाई में जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, चौकी प्रभारी जीआरपी काशी उपनिरीक्षक श्रीकान्त यादव, उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, सीआईबी बीएसबी के एएसआई राकेश सिंह, जीआरपी के हेड कांस्टेबल मो. दानिश व अनुरोध कुमार तथा आरपीएफ के हेड कांस्टेबल मनोज कुमार पाल और प्रमोद राय शामिल रहे।







